लखनऊ ।छठ महापर्व को देखते हुए योगी सरकार ने प्रदेशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है।
त्योहार के दौरान गांव से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही छठ पूजा के घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
बिजली फॉल्ट ठीक करने के लिए रहेंगी टीमें तैनात
रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बिजली संबंधी बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। बिजली लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग के साथ ट्रांसफार्मर और फीडर का लोड जांचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा ढीले बिजली तारों और झुके हुए खंभों को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया गया है, जिससे छठ पूजा के दौरान घाटों और पूजा स्थलों पर किसी तरह की दुर्घटना न हो।
रात में भी जारी है बिजली लाइनों का रखरखाव
प्रदेश के पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी बिजली वितरण निगमों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मरम्मत कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का निरीक्षण किया जा रहा है। संभावित तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए रात में भी मेंटेनेंस का काम जारी है।
आरडीएसएस से मजबूत किया जा रहा विद्युत नेटवर्क
सरकार पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत प्रदेश के बिजली नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने पर भी काम कर रही है। विभागीय कर्मचारियों को बिजली लाइनों के रखरखाव और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का लक्ष्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल देने के साथ ही प्रदेशभर में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
