Homeउत्तर प्रदेशबाल दिवस पर सीएम योगी और धामी समेत कई नेताओं ने दी...

बाल दिवस पर सीएम योगी और धामी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बोले- बच्चे देश का भविष्य

लखनऊ, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई राज्यों के नेताओं ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं।

नेताओं ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को पूरा करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना जरूरी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बच्चे राष्ट्र की आशाओं और भविष्य की सबसे सुंदर संभावनाओं का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी बच्चों को स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अपने सपनों को साकार करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम योगी ने कहा कि हर बचपन मुस्कुराए, हर प्रतिभा निखरे और हर सपना साकार हो, यही सरकार का संकल्प है।

धामी बोले- बच्चों के सपनों में छिपी है देश की समृद्धि

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बाल दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चे आने वाले कल की उम्मीद हैं। उनकी मुस्कान में खुशहाल समाज की झलक और उनके सपनों में सशक्त एवं समृद्ध देश की नींव छिपी है।

धामी ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर बच्चा सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ और आत्मविश्वास से परिपूर्ण बने। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, पोषण, छात्रवृत्ति और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कई केंद्रीय और राज्यों के मंत्रियों ने भी दी बधाई

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बच्चों को देश का भविष्य और समाज की सबसे अनमोल पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को विकसित भारत का वास्तविक आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने का संकल्प लेना चाहिए।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रामविचार नेताम ने भी बच्चों को बाल दिवस की बधाई दी। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बच्चों की मुस्कान में देश का उज्ज्वल भविष्य बसता है। उनके सपनों को उड़ान देना और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बच्चों की मासूम मुस्कान और सपनों को समाज की अनमोल पूंजी बताते हुए उनके खुशहाल बचपन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular