Homeउत्तर प्रदेशदीपोत्सव के लिए सज गए बाजार, धनतेरस पर होगा 5000 करोड़ का...

दीपोत्सव के लिए सज गए बाजार, धनतेरस पर होगा 5000 करोड़ का कारोबार

धनतेरस पर धनवर्षा के लिए शहर के बाजार सज गए हैं। सराफा से लेकर ऑटो, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में खूब रौनक है। नवरात्र से सकारात्मक रुझान के साथ शुरु हुए व्यापार में इस बार 30-40 प्रतिशत की रफ्तार है। पिछली बार धनतेरस पर लखनऊ जिले भर का कुल बाजार करीब 3000 करोड़ के आसपास था, जोकि इस बार 5000 करोड़ पार करने की उम्मीद है। सराफा बाजार में 2000 करोड़, रियल स्टेट में 1000 करोड, ऑटो सेक्टर में 500 करोड़, कपड़ा बाजार में 120 करोड़ कारोबार का अनुमान है।

पहले दशहरा, करवा चौथ, फिर पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग के बाद कारोबारियों को अब तीन दिन बाद धनतेरस की बाजार से काफी उम्मीदें हैं। धनतेरस को लेकर सबसे ज्यादा जोर सराफा बाजार में है। पिछले साल जो सोना 62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था व इस बार 81,000 हो गया है। 72,000 रुपये प्रति किलो वाली चांदी इस बार एक लाख पार कर गई है। पिछली बार 1200 करोड़ का कारोबार हुआ था, महंगाई के बावजूद इस बार भी बाजार चढ़ रहा है।

चौक सराफा एसोसिएशन के अदीश जैन के मुताबिक इस बार दोगुना कारोबार की उम्मीद है। ऑटो सेक्टर में भी इस बार कारोबार 500 करोड़ पार कर जाने की उम्मीद है। पिछली बार 450 करोड़ के आसपास कारोबार रहा था। बर्तन बाजार में भी 15 फीसदी की तेजी है। यहियागंज के थोक बर्तन कारोबारी हरीश अग्रवाल के मुताबिक इस बार 70-80 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

मिठाई और पैक्ड गिफ्ट का भी चलन तेजी से है। शहर की मशहूर मिठाई व बेकरी की दुकानों को भी बड़े कॉर्पोरेट ऑर्डर मिले हैं। लगातार मिठाइयां, मेवे, चॉकलेट व अन्य गिफ्टों की पैकिंग की जा रही है। लखनऊ समेत जिले भर में करीब 400 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। जबकि, रियल एस्टेट में भी धनतेरस पर डिलीवरी लेने के लिए खूब बुकिंग हुई है। करीब 1000 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular