Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज में छात्रों को जबरन हटाने के आरोपों को लेकर केशव प्रसाद...

प्रयागराज में छात्रों को जबरन हटाने के आरोपों को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज में यूपी लोकसेवा आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को जबरन हटाने के आरोपों के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया आई है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर केशव ने कहा है कि हमारी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव का नाम लेकर कई बड़े सियासी दावे भी किए हैं.

केशव ने लिखा- उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. हमारी प्राथमिकता है कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष हों, मानकीकरण की समस्या का भी समाधान हो, जिससे हर योग्य उम्मीदवार को उसका हक मिले.

डिप्टी सीएम ने लिखा- दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने कार्यकाल के काले कारनामे भूलकर राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों की भावनाओं का राजनीतिकरण कर रहे हैं. “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद हैं” – आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की इनकी कोशिशों को समझदार प्रतियोगी छात्र भली-भांति समझते हैं. इस रुख के साथ सपा का “समाप्तवादी पार्टी” बनना तय है.

उन्होंने लिखा- योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में भाजपा सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने के लिए संवाद के माध्यम से हर संभव प्रयास कर रही है. हम युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति दृढ़ हैं, और सक्षम अधिकारी छात्रों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित करेंगे. युवा प्रदेश का भविष्य हैं, और भाजपा उनकी हर आकांक्षा के साथ मजबूती से खड़ी है.

माना जा रहा है कि केशव मौर्य ने अखिलेश यादव के उस बयान पर जवाब दिया है जिसमें उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाए थे. बुधवार रात सपा चीफ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा था- उप्र की अहंकार से भरी भाजपा सरकार लाख कोशिशों के बाद भी आख़िर में इलाहाबाद के जुझारू आंदोलनकारी युवक-युवतियों के सामने हारेगी और दिखावा ये करेगी कि सब गलती उप्र लोक सेवा आयोग के अधिकारियों की है.

RELATED ARTICLES

Most Popular