विराट कोहली ने 12 साल से भी ज़्यादा समय के बाद रणजी ट्रॉफ़ी में वापसी की है. ऐसे में उन्हें देखने के लिए गुरुवार को हज़ारों की तादाद में उनके फैंस दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इकट्ठा हुए.
गुरुवार को 36 साल के स्टार बल्लेबाज़ अरुण जेटली स्टेडियम में रेलवे टीम के खिलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी मैच में दिल्ली टीम की ओर से मैदान में उतरे हैं.
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में ऑस्ट्रेलिया से 1-3 से हार का सामना करने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अनुबंधित खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने के निर्देश दिए थे.
कोहली लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में बुरे फ़ॉर्म से गुज़र रहे हैं.
साल 2019 तक विराट कोहली का टेस्ट बैटिंग एवरेज 54.97 था लेकिन 2020 से अब तक खेले गए टेस्ट मैचों में उनका औसत महज़ 30.72 रह गया है. पिछले 10 टेस्ट में उनका बैटिंग एवरेज सिर्फ़ 22.47 रहा है.
