Homeउत्तर प्रदेशकुंभ के जाम में एक्टिव हुए BJP कार्यकर्ता, फंसे लोगों को मिलेगा...

कुंभ के जाम में एक्टिव हुए BJP कार्यकर्ता, फंसे लोगों को मिलेगा भोजन-पानी

गाड़ियों की लंबी कतारें, घंटों का इंतजार… महाकुंभ नगर के आसपास के इलाकों में देशभर से आ रहे लोगों के लिए ये आम बात हो गई है. पिछले कुछ दिनों से महाकुंभ नगर को जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम है. इस बीच राजनीतिक पार्टियों ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद करने की अपील की है.

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, लोग परेशान हैं, बेचैन हैं और कोई जिम्मेदार मंत्री या व्यक्ति नहीं दिख रहा है. इधर, मेला रूट पर कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के संगठन मंत्री बीएल संतोष ने जाम में फंसे लोगों तक भोजन-पानी पहुंचाने की बात कही है.

उन्होंने एक्स पर अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखा, ‘पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर कार्यकर्ता सड़कों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट, कुंभ यात्रियों को खाना और मेडिकल से जुड़ी चीजें उपलब्ध कराने में प्रशासन की सहायता करें.’ बीएल संतोष के ट्वीट के बाद से यूपी बीजेपी एक्शन में नजर आ रही है.
पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि कार्यकर्ता, फंसे श्रृद्धालुओं को भोजन-पानी आदि की सहायता पहुंचाएं. पार्टी कार्यालय से लगभग 10 जिलों के जिलाध्यक्षों, नेताओं को निर्देश भेजा जा रहा है, ताकि फंसे यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सके. इस बाबत प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, भदोही, मिर्जापुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, मिर्जापुर, चित्रकूट आदि जिलों के अध्यक्षों को भी निर्देश जारी किया गया है.

 

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्रों से होकर महाकुंभ में जा रहे श्रद्धालुओं की हर संभव मदद करें. उन्होंने कहा, “सभी कार्यकर्ता बंधुओं से आग्रह है कि आपके क्षेत्र से होकर महाकुंभ में जा रहे श्रद्धालुओं की मदद करें. उनके भोजन और जरूरत पड़े तो ठहरने की व्यवस्था भी करें. श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो, इसका विशेष ध्यान रखें.”

RELATED ARTICLES

Most Popular