लखनऊ: उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तत्वावधान में 29 और 30 जनवरी 2026 को स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज, मोहन रोड में दो दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और समाज में समानता, समावेशन और सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 566 दिव्यांग विद्यार्थी प्रदेश के 9 जनपदों से भाग ले रहे हैं। खेलकूद प्रतियोगिताओं में 50 मीटर और 100 मीटर दौड़, शतरंज, क्रिकेट, खो-खो, नींबू रेस आदि शामिल हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गायन और चित्रकला भी आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विभाग द्वारा पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह आज 29 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित किया गया, जिसमें प्रधान सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सुभाष चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
