उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश में सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को अब हादसा नहीं, हत्या माना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और स्टॉक पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस को छापेमारी अभियान चलाने और अवैध मांझा बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रदेशव्यापी कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी।
यह निर्णय हाल ही में लखनऊ में हुए दर्दनाक हादसे के बाद आया है। हैदरगंज पुल पर पतंग की डोर (चाइनीज मांझा) की चपेट में आने से एक युवक शोएब गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक शोएब अपने परिवार का इकलौता बेटा था और मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चला रहा था। इस हादसे के बाद परिवार सदमे में है और इलाके में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि चाइनीज मांझा आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
