Homeबिहारपप्पू यादव की गिरफ्तारी से बिहार में सियासी तूफान, IGIMS में मेडिकल...

पप्पू यादव की गिरफ्तारी से बिहार में सियासी तूफान, IGIMS में मेडिकल जांच, आज MP-MLA कोर्ट में पेशी

पटना: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद पटना के IGIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तारी के बाद उनका बयान — “मुझे नहीं पता आगे क्या होगा” — सामने आया है, जिससे उनके समर्थकों में बेचैनी और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं।

पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर IGIMS पहुंची, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पप्पू यादव को गर्दनीबाग थाना ले जाया जाएगा। इसके बाद उन्हें आज 11 बजे के बाद MP-MLA अदालत में पेश किया जाना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी देर रात की गई।

कार्रवाई के बाद गरमाई राजनीति

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। समर्थकों और सहयोगियों का कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव और बदले की भावना से प्रेरित है। उनका आरोप है कि बीमार होने के बावजूद सांसद को गिरफ्तार किया गया।

1995 का मामला, मकान किराए को लेकर विवाद

यह मामला 1995 में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है। गर्दनीबाग थाने में विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि पप्पू यादव और उनके साथियों ने उनका मकान किराए पर लेते समय गलत जानकारी दी
शिकायतकर्ता का दावा है कि मकान को निजी उपयोग के लिए किराए पर लिया गया था, लेकिन बाद में वहां सांसद कार्यालय संचालित किया जाने लगा, जिसकी जानकारी पहले नहीं दी गई थी।

कोर्ट के आदेश पर हुई गिरफ्तारी

तीन दिन पहले ही पटना की MP-MLA कोर्ट ने पप्पू यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। अदालत का कहना था कि आरोपी लंबे समय से पेश नहीं हो रहे थे। इससे पहले कोर्ट की ओर से गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार भी जारी किए जा चुके थे।

खराब तबीयत के बावजूद हिरासत, इलाज की मांग

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के वक्त पप्पू यादव की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, जिसके बाद समर्थकों ने बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग उठाई है।

समर्थकों का यह भी दावा है कि पप्पू यादव हाल के दिनों में NEET से जुड़े मुद्दों और छात्रों के पक्ष में मुखर थे, इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular