नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में बढ़ते हत्याकांड और नालों व गड्ढों में गिरकर हो रही मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की हालत बेहद खराब हो चुकी है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि “भाजपा ने सिर्फ एक साल में पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है। इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है। आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सरकार जागेगी?”
एलजी और डीडीए पर साधा निशाना
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी में कई जगह नाले खुले पड़े हैं और लोग उनमें गिरकर जान गंवा रहे हैं।
भारद्वाज ने कहा कि पहले एलजी खुद को ‘लोकल गार्जियन’ बताते थे और अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कमियां गिनाते थे, लेकिन अब वे खामोश हैं। उनका आरोप है कि दिल्ली में एमसीडी, डीडीए, दिल्ली सरकार और केंद्र—सभी पर भाजपा का नियंत्रण है, इसलिए अब जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।
“जहां गड्ढा, वहां भाजपा जिम्मेदार”
आप नेता ने कहा कि अगर कहीं गड्ढा है, नाला खुला है या इमारत गिर रही है तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा की है। उन्होंने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्कूल से निकलते समय बच्चों तक की हत्या हो रही है, लेकिन सरकार गंभीर नहीं दिख रही।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी आरोप
सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली में दो दिल्ली हैं—एक आम लोगों की, जहां हत्याएं और हादसे हो रहे हैं; दूसरी मुख्यमंत्री की, जहां फीते काटे जा रहे हैं और कार्यक्रम हो रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि राजधानी में 24 घंटे के भीतर कई हत्याएं हुईं और हादसों में लोगों की जान गई, लेकिन सरकार का ध्यान जमीनी समस्याओं पर नहीं है।AAP ने मांग की है कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
