आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता Pawan Singh के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर कलाकार से मोटी रकम ऐंठ ली, लेकिन शो कराने की बारी पर इनकार कर दिया।
अतरौलिया पुलिस ने चार आरोपियों निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ मामला सामने?
पीड़ित दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर (अमेठी) पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं और लखनऊ में क्लब, रेस्टोरेंट व विभिन्न कार्यक्रमों में बैंड शो आयोजित करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके संपर्क में आए मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना ने बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनाई, जिसमें पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के रूप में बुलाने का वादा किया गया।
31 दिसंबर 2024 को तय हुआ था कार्यक्रम
दिव्यांश ने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उनके पड़ोसी निशांत, नितिन और अमन सिंह का पवन सिंह से सीधा संपर्क है और वे बुकिंग करवा देंगे। आरोपियों ने बताया कि पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये आएगा।
भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने 9 लाख रुपये एडवांस के रूप में निहाल की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर लगभग 5 लाख रुपये और ले लिए गए।
मैनेजर से संपर्क करने पर हुआ ठगी का पता
कुछ समय बाद जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया, तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी कार्यक्रम या बुकिंग से इनकार कर दिया। आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने पर ठगी का शक पुख्ता हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी 14 लाख रुपये लेकर पवन सिंह के कार्यक्रम की बुकिंग नहीं कर पाए। दिव्यांश सिंह ने अतरौलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।पवन सिंह या उनकी टीम की तरफ से अभी तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
