Homeबिहार60 साल के प्रिंसिपल ने की शादी, 3 दिन बाद टीचर बनी...

60 साल के प्रिंसिपल ने की शादी, 3 दिन बाद टीचर बनी मां

सीतामढ़ी। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक स्कूल प्रिंसिपल और महिला टीचर की विवादित प्रेम कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। 60 वर्षीय प्रिंसिपल राकेश साह से 18 फरवरी को नेपाल में शादी करने वाली 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने 21 फरवरी को एक बच्ची को जन्म दिया। फिलहाल शाइस्ता पुलिस कस्टडी में सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती है।

राकेश साह मुजफ्फरपुर के एक निजी स्कूल के संचालक और शिक्षक बताए जाते हैं, जबकि शाइस्ता उसी स्कूल में पढ़ाती थीं। दोनों के बीच वर्ष 2025 में बातचीत शुरू हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। उम्र और धर्म के अंतर के बावजूद दोनों 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने पहुंच गए। शादी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

भाई ने लगाया अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप

शादी की जानकारी सामने आने के बाद शाइस्ता के भाई ने औराई थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राकेश साह ने बहला-फुसलाकर शाइस्ता का अपहरण किया और जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी की। एफआईआर में राकेश साह की पत्नी और बेटी को भी नामजद किया गया है।

परिजनों का कहना है कि 18 फरवरी को शाइस्ता स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद से ही परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई थी।

शाइस्ता का वीडियो: “मैंने अपनी मर्जी से की शादी”

विवाद बढ़ने पर शाइस्ता परवीन ने अस्पताल से एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है। वीडियो में उन्होंने कहा कि राकेश साह पर झूठे आरोप न लगाए जाएं और उन्हें परेशान न किया जाए। शाइस्ता ने दावा किया कि दोनों के बीच 2025 से संबंध थे और उन्होंने सोच-समझकर फैसला लिया है।

पुलिस जांच जारी, राकेश साह फरार

औराई थाना प्रभारी सनोवर प्रवीण के अनुसार, पुलिस ने शाइस्ता को बरामद कर लिया है। चूंकि उन्होंने हाल ही में बच्ची को जन्म दिया है, इसलिए पुलिस कस्टडी में अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

वहीं, राकेश साह फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। स्वस्थ होने के बाद शाइस्ता को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular