उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह के सुसाइड मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। शासन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शालिनी श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक जांच भी शुरू कर दी गई है।
BSA शालिनी श्रीवास्तव पर आरोप
शासन के आदेश के अनुसार, हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता और करीब एक वर्ष तक प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध पाए गए हैं। शासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता और लापरवाही गंभीर कदाचार की श्रेणी में आती है।
-
शासनादेश के तहत उन्हें उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-4 के अंतर्गत निलंबित किया गया।
-
नियम-7 के तहत विभागीय जांच संस्थित की गई है।
-
जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
देवरिया BSA का प्रभार और कार्य सुनिश्चित
निलंबन अवधि में शालिनी श्रीवास्तव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उनके संबद्धीकरण शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ कार्यालय से किया गया है। इसी दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया के रिक्त पद पर प्राचार्य, डायट (देवरिया) को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, ताकि प्रशासनिक और शैक्षिक कार्य प्रभावित न हों।
FIR और अन्य कार्रवाई
परिजनों की तहरीर पर थाना गुलहरिया में BSA शालिनी श्रीवास्तव और अन्य बाबू के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय जांच समिति की आख्या के आधार पर पटल सहायक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। डीएम ने कहा कि प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक शिक्षक के परिवार से BJP MLC की मुलाकात
बीजेपी MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने मृतक शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह के कुशीनगर स्थित आवास पर जाकर परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी व्यक्तियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
