Homeउत्तर प्रदेशUP :श्रावस्ती में जल्द पूरा होगा बुद्धवनम पार्क, बौद्ध पर्यटन को मिलेगा...

UP :श्रावस्ती में जल्द पूरा होगा बुद्धवनम पार्क, बौद्ध पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में बन रहा बुद्धवनम पार्क जल्द ही तैयार होने वाला है। प्रदेश सरकार की सतत पर्यटन नीति के तहत विकसित हो रही इस परियोजना का निर्माण कार्य जून के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इस परियोजना के पूरा होने से प्रदेश में बौद्ध पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है और यह स्थान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगा।

श्रावस्ती विश्व के प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों में से एक है। इसी कारण यहां श्रीलंका, म्यांमार, नेपाल, भूटान, थाईलैंड, चीन और जापान सहित कई देशों से बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ बुद्धवनम पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।

लैंडस्केप कार्य लगभग पूरा

केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से बन रहे इस पार्क के लैंडस्केप क्षेत्र में कई प्रमुख संरचनाओं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत धर्मचक्र से जुड़ी आठ संरचनाओं के आरसीसी फाउंडेशन तैयार हो चुके हैं। इसके साथ ही म्यूरल वॉल का स्ट्रक्चर भी बन चुका है और उस पर सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है।

पार्क परिसर में सेंटर पाथ-वे और स्टेप गैलरी के लिए ब्रिक वर्क का काम भी लगभग पूरा हो गया है। इसके अलावा आसपास स्ट्रीट ब्यूटीफिकेशन के तहत सड़क के दोनों ओर आरसीसी रिटेनिंग वॉल, केबल ट्रेंच, स्टोन बोलार्ड, विशेष लैंप पोस्ट और पाथ-वे पर स्टोन क्लैडिंग का कार्य किया जा रहा है।

इंटरप्रिटेशन सेंटर और डॉर्मेट्री निर्माण अंतिम चरण में

बुद्धवनम पार्क में पर्यटकों को बौद्ध धर्म और क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देने के लिए एक इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। इसके कॉलम ढलाई का कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही यह तैयार हो जाएगा।

इसके अलावा डॉर्मेट्री के आंतरिक प्लास्टर और फ्लोरिंग का काम भी अंतिम चरण में है। पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि चारपहिया वाहनों की पार्किंग पर काम जारी है।

पार्क के तैयार होने के बाद श्रावस्ती में बौद्ध पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular