लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं नेतृत्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक ओर कोका-कोला के अधिकृत बॉटलिंग पार्टनर एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड ऑडिटर पद हेतु भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, वहीं दूसरी ओर गांधी फेलोशिप टीम के सहयोग से 27 मार्च 2026 को 21वीं सदी का नेतृत्व कैसा हो विषय पर विशेष क्षमता-विकास सत्र आयोजित किया जाएगा। कोका-कोला से संबद्ध एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑडिटर पद के लिए लखनऊ में नियुक्तियां की जाएंगी।
क्या है आवेदन की अंतिम तिथि
बता दें कि इस पद के अंतर्गत अभ्यर्थियों को वितरक स्तर पर इनवॉइस ऑडिट करना, रिटेलर्स को प्रदान की जा रही दरों एवं योजनाओं का सत्यापन करना, विभिन्न रिटेल पॉइंट्स पर रैंडम ऑडिट के माध्यम से ऑर्डर के अनुरूप इनवॉइस की उपलब्धता सुनिश्चित करना व वित्तीय एमआईएस एवं रिपोर्टिंग से संबंधित कार्यों का निर्वहन करना होगा। इस अवसर के लिए केवल बी.कॉम उत्तीर्ण अभ्यर्थी एवं अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं, जो फील्ड आधारित कार्य के लिए तैयार हों। चयनित अभ्यर्थियों को 20,000 प्रतिमाह (इन-हैंड) पारिश्रमिक तथा दूरी के अनुसार 4 प्रति किलोमीटर की दर से यात्रा भत्ता प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 22 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका
इस अवसर पर केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को एक साथ रोजगार अवसर और कौशल विकास के मंच प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे न केवल रोजगार प्राप्त करें, बल्कि नेतृत्व क्षमता के साथ समाज और पेशेवर क्षेत्र में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यहां मिलेगी पूरी जानकारी
इच्छुक विद्यार्थी इन अवसरों से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया लखनऊ विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल अनुभाग और के आधिकारिक इंस्टाग्राम एवं ट्विटर (X) हैंडल पर देख सकते हैं। केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समयसीमा के भीतर आवेदन करें तथा आयोजित सत्र में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
