Homeउत्तर प्रदेशनोएडा के 50 साल: 17 अप्रैल को भव्य जश्न, 2000 करोड़ की...

नोएडा के 50 साल: 17 अप्रैल को भव्य जश्न, 2000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास..

नोएडा प्राधिकरण अपने स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 अप्रैल को भव्य कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस मौके पर करीब 2000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि सेक्टर-96 में 450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण प्रमुख आकर्षण होगा। भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल फिनिशिंग का काम जारी है।

इसके अलावा 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भंगेल एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन भी किया जाएगा। वहीं, 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार नए लूप का शिलान्यास भी इसी कार्यक्रम में शामिल है।

और परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
प्राधिकरण के अनुसार, कई अन्य परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं, जिन्हें इस मौके पर आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। चिल्ला एलिवेटेड रोड एक्सटेंशन के तहत महामाया फ्लाईओवर के पास 1.8 किलोमीटर लंबी ट्रैफिक रोटरी परियोजना के लिए भी मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकास यात्रा की झलक
स्थापना दिवस समारोह के लिए कार्यक्रम स्थल का चयन किया जा रहा है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्कूली बच्चे हिस्सा लेंगे। नोएडा के 50 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए विशेष गैलरी और डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जा रही है।

50 किलो का केक बनेगा आकर्षण
स्थापना दिवस को खास बनाने के लिए हवन-पूजन के साथ 50 किलो का केक काटा जाएगा, जो नोएडा के 50 वर्षों की उपलब्धियों का प्रतीक होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular