Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक: मदरसा शिक्षा, छात्रवृत्ति और PMJVK परियोजनाओं की समीक्षा

लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक: मदरसा शिक्षा, छात्रवृत्ति और PMJVK परियोजनाओं की समीक्षा

राजधानी के विधानसभा कक्ष में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर तथा राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विभिन्न आयोगों और बोर्डों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने तथा शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं की तैयारी पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 92 निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित स्थलीय जांच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

इसके अलावा विभागीय स्तर पर लंबित और अनिस्तारित मामलों की स्थिति पर भी मंथन किया गया। वक्फ नियमावली तथा उत्तर प्रदेश मदरसा अरबी-फारसी मान्यता एवं प्रशासनिक सेवा नियमावली, 2016 में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव संयुक्ता समाद्दार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें विशेष सचिव, संयुक्त सचिव, वित्त एवं लेखा अधिकारी, संयुक्त निदेशक, उपनिदेशक और मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार शामिल थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular