Homeराजनीतिभाजपा सरकार आएगी तो गुंडे-माफिया सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे”: योगी आदित्यनाथ का...

भाजपा सरकार आएगी तो गुंडे-माफिया सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे”: योगी आदित्यनाथ का बंगाल में तीखा हमला

आसनसोल, 16 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे के दौरान बाराबनी में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC), कांग्रेस और वामपंथी दलों पर जमकर निशाना साधा।

सीएम योगी ने कहा कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो “गुंडे, माफिया और अराजक तत्व सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे।” उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे डरें नहीं और “डबल इंजन” सरकार बनाने के लिए भाजपा को वोट दें।

“टीएमसी का सूपड़ा साफ करेंगे”

मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल के कार्यकर्ता भाजपा के कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अरिजीत रॉय के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि जनता का समर्थन मिला तो टीएमसी का “सूपड़ा साफ” हो जाएगा और विकास की रफ्तार तेज होगी।

माफियाराज और भ्रष्टाचार के आरोप

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में “सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया” का बोलबाला है और केंद्र से आने वाला पैसा आम जनता तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था मजबूत की जाएगी और अराजकता खत्म होगी।

 राम मंदिर और यूपी मॉडल का जिक्र

सीएम ने अपने संबोधन में अयोध्या में बने राम मंदिर और उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” ने यूपी में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने दावा किया कि वहां अब दंगे और कर्फ्यू नहीं होते और त्योहार शांति से मनाए जाते हैं।

 “सुरक्षा और विकास की गारंटी”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा बंगाल में सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि “गोमाता की रक्षा” और समाज में एकता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।

जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोग सीएम योगी की एक झलक पाने के लिए छतों और पेड़ों तक पर चढ़े नजर आए।

RELATED ARTICLES

Most Popular