Homeउत्तर प्रदेशजाति के नाम पर समाज को बांटने वालों से रहें सावधान: योगी

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों से रहें सावधान: योगी

न्यूज डेस्क ,मेरठ 

मेरठ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित किया। सुभारती विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह प्लेग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशें फिर हो सकती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ की समीक्षा करने, प्रभावी टीम तैयार करने और पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने को कहा। साथ ही प्रत्येक परिवार की मैपिंग और घर-घर संपर्क की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

महापुरुष किसी एक जाति के नहीं

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के होते हैं। उन्होंने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी का उदाहरण देते हुए कहा कि इनका योगदान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर के स्मारक के निर्माण के साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थलों के विकास के लिए भी काम किया जा रहा है।

वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ तक

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से होती थी, जबकि अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ जैसी पहल से नई पहचान बन रही है।

उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत, मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि परंपरागत उद्यमों को बढ़ावा देने से 3.25 करोड़ नौजवान रोजगार से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

योगी ने अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और पश्चिमी यूपी में धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के विकास का भी जिक्र किया।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ संयोजकों, प्रभारियों और पन्ना प्रमुखों का शत-प्रतिशत गठन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ संगठन और समाज के लिए काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत पश्चिमी क्षेत्र के पदाधिकारी और शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहे। सम्मेलन भाजपा के जमीनी संगठन और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर की तैयारियों पर केंद्रित रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular