Homeउत्तर प्रदेश25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड...

25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क ,लखनऊ 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का चौथा संस्करण आयोजित होगा। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत के साथ प्रदेश की उन्नत कृषि संस्कृति और तकनीक की भी झलक देखने को मिलेगी।

कृषि विभाग की ओर से ट्रेड शो में एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें कृषि उत्पादों, उपकरणों, बीज, उर्वरक और पौध संरक्षण रसायनों से जुड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी। प्रदेश के प्रगतिशील किसानों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को भी अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।

आयोजन में 20 से अधिक एफपीओ, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम, कृषि निवेश से जुड़ी करीब 40 फर्म और अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी की सहभागिता रहेगी। प्रदर्शनी में कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि संबंधी संस्थाओं के साथ मंडी परिषद और कृषि विपणन निदेशालय भी शामिल होंगे।

20 से अधिक एफपीओ लेंगे हिस्सा

कृषि विभाग के संवाद और समन्वय से प्रदेश के विभिन्न जिलों के 20 से अधिक एफपीओ ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे। इनमें अलीगढ़, सीतापुर, वाराणसी, लखनऊ, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, ललितपुर, मिर्जापुर, हरदोई, बुलंदशहर, प्रतापगढ़, बहराइच, इटावा, गाजियाबाद, अमरोहा, कानपुर, सहारनपुर और गोंडा समेत कई जिले शामिल हैं।

कृषि विभाग की प्रदर्शनी में कुल 61 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें 20 स्टॉल एफपीओ, करीब 40 स्टॉल कृषि निवेश से जुड़ी कंपनियों और एक शासकीय स्टॉल शामिल होगा। बीज, पेस्टिसाइड, उर्वरक और कृषि यंत्रों से जुड़ी कंपनियां अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित करेंगी।

अलग-अलग क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी नामित

कृषि विभाग की ओर से ट्रेड शो की व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। संपूर्ण व्यवस्था के लिए संयुक्त कृषि निदेशक (ब्यूरो/नियोजन) एके सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बीज उत्पादन करने वाली कंपनियों के समन्वय की जिम्मेदारी अपर कृषि निदेशक (बीज व प्रक्षेत्र) वाईपी सिंह को दी गई है। उर्वरक कंपनियों के लिए संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक) हरेंद्र कुमार मिश्र, कृषि रक्षा रसायनों के लिए अपर कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) डॉ. आशुतोष कुमार मिश्र और कृषि उपकरण व ड्रोन कंपनियों के लिए संयुक्त कृषि निदेशक (अभियंत्रण) बलराम वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगी यूपी की कृषि प्रगति

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के अनुसार, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में कृषि विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आयोजन के दौरान देश-विदेश से आने वाले अतिथियों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की उन्नत कृषि संस्कृति और कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति से रूबरू कराया जाएगा।

एफपीओ, बीज, उर्वरक और कृषि यंत्रीकरण से जुड़ी कंपनियों की सहभागिता से प्रदेश के कृषि उत्पादों और तकनीक को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular