Homeराजनीतिदमदम में सीएम योगी का रोड-शो: भीड़ ने तोड़े रिकॉर्ड, गूंजा ‘योगी-योगी’

दमदम में सीएम योगी का रोड-शो: भीड़ ने तोड़े रिकॉर्ड, गूंजा ‘योगी-योगी’

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में सोमवार को Yogi Adityanath का दमदम में हुआ रोड-शो जनसैलाब में तब्दील हो गया। तेज धूप के बावजूद भारी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़े और पूरे इलाके में ‘योगी-योगी’ के नारे गूंजते रहे।

दमदम विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अरिजीत बख्शी के समर्थन में निकले इस रोड-शो में लोगों ने हाथों में भाजपा के झंडे लेकर ‘वंदे मातरम’, ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जगह-जगह लोगों ने ‘स्वागतम-स्वागतम, योगीजी का स्वागतम’ कहकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और उन पर पुष्पवर्षा की।

रोड-शो के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भगवा रंग में रंगा माहौल साफ संकेत दे रहा था कि चुनावी तापमान चरम पर है। रास्ते में बने मंचों पर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के रूप में सजे बाल कलाकारों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने भी सीएम योगी का गर्मजोशी से स्वागत किया। घरों की छतों और खिड़कियों से लगातार पुष्पवर्षा होती रही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘जय मां काली, जय श्रीराम, हर-हर महादेव’ का उद्घोष कर जनता से जुड़ाव दिखाया और उनके स्नेह के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और राज्य को आतंक, माफिया राज और भ्रष्टाचार से मुक्त कराना चाहती है।

सीएम योगी ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया गया है और विकास बाधित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता ‘डबल इंजन’ की सरकार के लिए मतदान करेगी, जिससे बंगाल में विकास की नई शुरुआत होगी।

रोड-शो के दौरान उमड़ी भीड़ और उत्साह ने साफ कर दिया कि चुनावी मुकाबला दिलचस्प और कड़ा होने वाला है।

RELATED ARTICLES

Most Popular