आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू की है। सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों और महत्वपूर्ण स्थलों को एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है। इन कैमरों को जिला कंट्रोल रूम और आयोग के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से जोड़ा गया है।
आयोग ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की कनेक्टिविटी का सफल परीक्षण भी पूरा कर लिया गया है। परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर रियल टाइम निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में विशेष प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे।
जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और निगरानी टीमें भी परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की कोशिश को तुरंत रोका जा सके।
