Narendra Modi आज और कल कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे की शुरुआत Bengaluru से करेंगे। यहां वे Art of Living Foundation के 45वें वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे और सभा को संबोधित करेंगे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में बने नए ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी कई सेवा परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।
हैदराबाद में 9400 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
बेंगलुरु के बाद प्रधानमंत्री Hyderabad पहुंचेंगे, जहां वे करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
प्रधानमंत्री यहां अत्याधुनिक गैरलाभकारी स्वास्थ्य संस्थान Sindhu Hospital को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह अस्पताल कैंसर उपचार और मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं पर केंद्रित है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 की चार-लेन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना की लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी Warangal में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है। यह परियोजना पीएम मित्र योजना के तहत विकसित की गई है और इससे टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सोमनाथ अमृत महोत्सव में होंगे शामिल
11 मई को प्रधानमंत्री Somnath Temple में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे। यह आयोजन पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री विशेष महापूजा, कुम्भाभिषेक और ध्वजारोहण जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट और विशेष सिक्का भी जारी किया जाएगा।
वडोदरा में सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री Vadodara में सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन भी करेंगे। इस परियोजना में 1000 छात्र और 1000 छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा तैयार की गई है।
सोमनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है। यह मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और भारतीय आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
