नई दिल्ली। NEET की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
NTA ने बताया कि यह निर्णय भारत सरकार की स्वीकृति के बाद लिया गया है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना माध्यमों पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।
इस साल लगभग 22 लाख छात्रों ने NEET UG परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। परीक्षा के बाद पेपर लीक से जुड़ी चर्चाओं के चलते स्थिति विवादित हो गई थी, जिसके बाद मामले की जांच CBI को सौंपी गई और परीक्षा को दोबारा कराने का निर्णय लिया गया।
परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में एडमिशन, रिजल्ट और नई तारीखों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसे अब NTA के नए शेड्यूल ने काफी हद तक स्पष्ट कर दिया है।
NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी। पहले से मौजूद आवेदन, डेटा और परीक्षा केंद्र ही मान्य रहेंगे। इसके अलावा अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले से जमा शुल्क की स्थिति को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएंगे।
