लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अफेयर के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को ट्रॉली बैग में भरकर इंदिरा डैम के पास फेंक दिया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी खुद थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी की सूचना दे दी, लेकिन पूछताछ में बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को उस पर शक हो गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरा डैम के पास झाड़ियों से ट्रॉली बैग में बंद महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय यास्मीन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपी पति अल्ताफ उर्फ कल्लू को हिरासत में ले लिया है।
रात में हुआ विवाद, सुबह कर दी हत्या
जानकारी के मुताबिक, यास्मीन की शादी करीब छह साल पहले चिनहट निवासी अल्ताफ से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। आरोपी को अपनी पत्नी पर एक करीबी रिश्तेदार के साथ संबंध होने का शक था, जिसे लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि 13 मई की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि तड़के करीब 4 बजे उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।
ट्रॉली बैग में भरकर डैम किनारे फेंका शव
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पॉलीथिन में लपेटकर ट्रॉली बैग में रखा और ई-रिक्शा से इंदिरा डैम पहुंचा। वहां उसने बैग को झाड़ियों में फेंक दिया और वापस घर लौट आया। बाद में परिजनों को पत्नी के लापता होने की जानकारी दी और खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराने लगा।
बयान बदलने पर खुला राज
पुलिस ने जब अल्ताफ से पूछताछ की तो उसके बयान बार-बार बदल रहे थे। शक गहराने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई, जिसके बाद आरोपी टूट गया और हत्या की पूरी कहानी बता दी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता मोहम्मद सईद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में आरोपी पति के साथ उसके परिवार के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
