राजधानी Lucknow में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में युवती की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। हत्यारों ने युवती के शव को छह टुकड़ों में काट दिया था, जिनमें से पांच हिस्से ट्रेन से बरामद हुए, जबकि सिर अब तक नहीं मिला है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ट्रेन के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्लीपर कोच एस-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग मिलने की सूचना मिली। जांच के दौरान बक्से से 25 से 30 वर्ष की युवती का धड़ बरामद हुआ, जबकि बैग में पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर मिले।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को किसी धारदार हथियार या इलेक्ट्रॉनिक कटर से काटा गया है। शव को बेहद शातिराना तरीके से पैक किया गया था ताकि खून बाहर न दिखाई दे और किसी को शक न हो।
रेलवे पुलिस के मुताबिक, युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। ट्रेन जिन करीब 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है, वहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बक्सा और बैग ट्रेन में कौन लेकर चढ़ा था।
पुलिस का कहना है कि युवती ने रंग-बिरंगा सूट पहन रखा था, जिससे उसके ग्रामीण परिवेश से होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
