आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर होटल में बुलाता और फिर उन्हें बंधक बनाकर वसूली करता था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
मामला एकता थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि 19 मई को उसकी डेटिंग ऐप के जरिए एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी, जिसने उसे बसई स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। जब युवक होटल पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद चार लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई और बदनामी का डर दिखाते हुए पैसे की मांग की गई।
आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी से ऑनलाइन माध्यम से 14 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इसके अलावा, एक अन्य व्यक्ति को भी इसी तरीके से फंसाकर दूसरे होटल में बुलाया गया और उससे 4900 रुपये की वसूली की गई। पीड़ित की शिकायत के बाद 112 पर कॉल की गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच शुरू हुई।
एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में सगे भाई सोमेश्वर और तरुण (पुत्र हितेंद्र, निवासी मुरलीनगर, ताजगंज), शाकिब (पुत्र शकील, निवासी मलको गली, ताजगंज) और शकील (पुत्र साबिर, निवासी जींद, हरियाणा) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे डेटिंग ऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें होटल में बुलाते थे और फिर धमकी देकर QR कोड के माध्यम से पैसे वसूलते थे।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
