लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी जनसमस्याओं का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर और पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाएं सुनिश्चित करना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामले सामने आए, जिन पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि इस मौसम में बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और खानपान पर ध्यान दें।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
