Central Bureau of Investigation ने मॉडल और अभिनेत्री Twisha Sharma की मौत के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। भोपाल में ससुराल में हुई संदिग्ध मौत को लेकर सीबीआई ने नई जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने भोपाल पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को दोबारा दर्ज करते हुए ट्विशा के पति Samarth Singh और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीबीआई की स्पेशल क्राइम यूनिट की टीम दिल्ली से भोपाल पहुंची और अब तक की जांच से जुड़े दस्तावेज, मेडिकल रिकॉर्ड, बयान और डिजिटल सबूत अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामला दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
समर्थ सिंह से 10 घंटे पूछताछ, रिश्तों में तनाव की बात कबूली
तीन दिनों तक चली करीब 10 घंटे की पूछताछ में समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि शादीशुदा रिश्ते में तनाव था, लेकिन उसने किसी भी तरह की शारीरिक हिंसा से इनकार किया। उसके अनुसार, दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी, लेकिन यह वैवाहिक तनाव का हिस्सा था।
समर्थ ने दावा किया कि मार्च तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन ट्विशा के भाई की शादी के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ गया।
प्रेग्नेंसी और गर्भपात को लेकर जांच तेज
पूछताछ के दौरान पुलिस ने ट्विशा की प्रेग्नेंसी और गर्भपात से जुड़े सवाल भी किए। समर्थ ने दावा किया कि वह पिता बनना चाहता था, लेकिन ट्विशा बच्चा नहीं चाहती थीं। उसके मुताबिक, डॉक्टर की सलाह पर दोनों ने मिलकर गर्भपात का फैसला लिया।
हालांकि, ट्विशा के कथित WhatsApp चैट्स से जांच एजेंसियों को अलग तस्वीर मिल रही है। चैट्स में कथित तौर पर समर्थ द्वारा बच्चे के पिता होने पर सवाल उठाने की बात सामने आई है। इसी वजह से पुलिस अब मेडिकल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की गहन जांच कर रही है।
मानसिक स्वास्थ्य और दवाइयों को लेकर भी सवाल
समर्थ ने पूछताछ में दावा किया कि ट्विशा ‘बाइपोलर डिसऑर्डर’ से पीड़ित थीं और बाद में डॉक्टर ने उन्हें ‘एडजस्टमेंट डिसऑर्डर’ बताया था। उसने यह भी कहा कि तनाव कम करने के लिए डॉक्टर की सलाह पर उन्हें नींद की गोलियां दी जाती थीं।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या ट्विशा के परिवार को इस मानसिक उपचार की जानकारी थी और शादी के कुछ महीनों के भीतर ऐसी स्थिति क्यों बनी।
डिलीट चैट्स से बढ़ा शक
जांच के दौरान समर्थ सिंह के मोबाइल फोन से ट्विशा और उनके परिवार के साथ हुई कई चैट्स डिलीट मिली हैं। तकनीकी टीम अब इन संदेशों को रिकवर करने की कोशिश कर रही है।
परिवार का आरोप है कि ट्विशा को नौकरी छोड़ने और ऑनलाइन काम न करने के लिए मजबूर किया गया था। हालांकि समर्थ ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ट्विशा ने अपनी मर्जी से काम छोड़ा था।
सास गिरिबाला सिंह की भूमिका भी जांच के घेरे में
पूछताछ में समर्थ ने बताया कि उनकी मां गिरिबाला सिंह अक्सर पति-पत्नी के विवादों में मध्यस्थता करती थीं। वहीं, ट्विशा को कथित तौर पर लगता था कि उनकी सास हमेशा समर्थ का पक्ष लेती थीं। अब सीबीआई इस पूरे पहलू की भी जांच कर रही है।
