रिपोर्ट: अंकित पांडेय
हमीरपुर। मौदहा कस्बे में आयोजित होने वाले कंस मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। शुक्रवार देर शाम पांडव गेस्ट हाउस में अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा की अध्यक्षता में पुलिस विभाग, नगर पालिका और राजस्व कर्मियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में गैर-जनपदों से आए पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग देकर उनकी जिम्मेदारियां तय की गईं।
दो जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र
मौदहा को संवेदनशील नगर मानते हुए प्रशासन ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने का निर्णय लिया है। पूरे मेला क्षेत्र को दो जोन में विभाजित किया गया है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए कानून व्यवस्था पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।
सुरक्षा व्यवस्था में तीन क्षेत्राधिकारी, आठ थाना प्रभारी, 58 उपनिरीक्षक, 18 हेड कांस्टेबल तथा 225 पुरुष और महिला आरक्षी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा दो पीएसी प्लाटून कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।
ड्रोन और डॉग स्क्वायड से होगी निगरानी
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड की टीम भी तैनात रहेगी। मेला क्षेत्र में अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन फायर टेंडर भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
प्रमुख मार्गों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
कस्बे में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों का उद्देश्य मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर शुरुआत से ही नजर रखना है।
अराजकतत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान माहौल खराब करने या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा समेत पुलिस विभाग, नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
