पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार, 27 मई को समाजवादी छात्र सभा के बैनर तले लखनऊ यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-1 के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि बीते 10 दिनों में चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता और छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से ईंधन की कीमतें कम करने की मांग की। छात्र नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है और सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
प्रदर्शन के दौरान छात्र डीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। मौके पर काफी देर तक नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही।
