Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ बीकेटी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, प्रेमी पर हत्या...

लखनऊ बीकेटी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, प्रेमी पर हत्या का आरोप

लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती घर में अचेत अवस्था में पड़ी मिली, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पिता ने बेटी के प्रेमी पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

10वीं के बाद छोड़ दी थी पढ़ाई

बीकेटी के रैथा गांव निवासी कुमकुम (18) पुत्री गुड्डू गौतम ने 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों के अनुसार, पढ़ाई के दौरान उसका संपर्क बेसन बाग, बीकेटी निवासी एक युवक से हुआ था और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे।

परिवार ने जब शादी की बात उठाई तो बताया जा रहा है कि युवक का परिवार इसके लिए तैयार नहीं था, जिसके बाद युवक ने कुमकुम से बातचीत बंद कर दी। इसी बात से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

टीबी अस्पताल में हुआ था इलाज

परिजनों का कहना है कि तबीयत बिगड़ने पर कुमकुम को ठाकुरगंज स्थित टीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह करीब 15 दिन तक इलाज में रही। इस दौरान वह बार-बार अपने प्रेमी से मिलने की बात कहती रही, लेकिन युवक ने मिलने से इनकार कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

घर में मिली अचेत अवस्था में

मंगलवार को जब कुमकुम की मां दवा लेने बाहर गई थीं और परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर थे, तभी पिता काम से लौटे तो कुमकुम घर में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने प्रेमी युवक पर हत्या की आशंका जताई है और कहा कि घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular