उत्तर प्रदेश में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल पर अगले छह महीने के लिए पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया कि परिवहन निगम की बस सेवाओं को आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में शामिल किया गया है, इसलिए किसी भी लंबित मांग या अन्य कारणों से हड़ताल नहीं की जा सकेगी।
सरकार का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। वहीं आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को देखते हुए परिवहन विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी जांच तत्काल कराई जाए तथा खराबियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी बसों का संचालन सुरक्षित और साफ-सुथरी स्थिति में किया जाए। बस अड्डों पर यात्रियों के बैठने, स्वच्छ पेयजल और साफ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही चालक-परिचालकों को यात्रियों के साथ शिष्ट व्यवहार करने और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग ने बसों में ज्वलनशील और प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन पर भी पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
