ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर गुरुवार को राजधानी की मस्जिदों और ईदगाहों में तय समय पर नमाज अदा की गई। त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात को लेकर व्यापक इंतजाम किए थे।
शहर की प्रमुख ऐशबाग ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में 40 हजार से अधिक नमाजियों ने नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। संवेदनशील इलाकों में ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे नमाज अदा की गई, जबकि बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में सुबह 10:30 बजे नमाज हुई। टीलेवाली मस्जिद और जामा मस्जिद तहसीनगंज में सुबह नौ बजे नमाज अदा की गई।
धर्मगुरुओं और मौलानाओं ने लोगों से समय से पहले नमाज स्थलों पर पहुंचने और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। साथ ही साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया।
शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में मस्जिद नदवुल उलेमा, मस्जिद रहमानी अमीनाबाद, मस्जिद दरगाह शाह मीना शाह, मस्जिद तकवियतुल ईदमान नादान महल, मस्जिद कादिर खां तालकटोरा और जामा मस्जिद राजाजीपुरम में सुबह 7:30 बजे नमाज अदा हुई।
वहीं मस्जिद चांद वाली तालकटोरा, मंडी वाली मस्जिद अमीनाबाद और मस्जिद नूर मोहम्मद हुसैनगंज में सुबह आठ बजे नमाज हुई। दरगाह दादा मियां सदर में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की गई, जबकि सबसे पहले दरगाह खम्मन पीर बाबा चारबाग और मस्जिद छत्तेवाली चौक में सुबह 6:30 बजे नमाज शुरू हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों की 94 ईदगाहों और शहर के 1200 से अधिक स्थानों पर पुलिस सुरक्षा के बीच नमाज अदा की गई। नगर निगम ने सफाई और पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा।
पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया शहर
बकरीद के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर को पांच जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इसके अलावा लोकल इंटेलिजेंस यूनिट, बम निरोधक दस्ता, स्वान दस्ता और अग्निशमन टीमों को भी सक्रिय रखा गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा, आसिफी मस्जिद और ऐशबाग ईदगाह समेत संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की गई।
डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने बताया कि नमाज को लेकर शहर में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया था। इसे प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए यातायात अधिकारियों और कर्मियों को विस्तृत निर्देश दिए गए थे। बुधवार को पुलिस ने शहर के कई इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया।
