लखनऊ को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और मेयर सुषमा खर्कवाल ने जोन-4 के भैंसोरा में बने FCTS प्लांट का उद्घाटन किया। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्लांट में प्रतिदिन 150 टन कूड़े का निस्तारण किया जा सकेगा। साथ ही यहां इलेक्ट्रिक कूड़ा गाड़ियों के लिए चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
भैंसौरा में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री एके शर्मा, मेयर सुषमा खर्कवाल, पार्षद ममता रावत और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बटन दबाकर प्लांट का शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर नजर नहीं आने चाहिए और रोजाना कचरे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि शहर में जलभराव, नाली और पानी निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए भी तेजी से काम हो रहा है। फैजुल्लागंज में लंबे समय से लंबित नाले का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि किला मोहम्मदी नाले का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस बार लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में और बेहतर स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से लेकर आम नागरिकों तक सभी का सहयोग अहम है।
नगर निगम के अनुसार शहर के 8 जोन में कुल 51 स्थानों पर PCTS और FCTS प्लांट विकसित किए जा रहे हैं। इनमें 24 स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि 15 जगहों पर निर्माण कार्य जारी है। शेष 12 स्थानों पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।
भैंसोरा प्लांट के शुरू होने से भरवारा, मल्हौर, खरगापुर और गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे खुले में कूड़ा जमा होने की समस्या भी काफी हद तक समाप्त हो सकेगी।
करीब 2 एकड़ क्षेत्र में बने इस परिसर में 150 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए लगभग 4000 पौधे लगाए गए हैं और ग्रीन बेल्ट विकसित की जा रही है।
