लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में बुधवार को एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्क में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घूमने आए युवक की गार्ड से कहासुनी हो गई, जिसके बाद गार्ड ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवार टिकट लेकर पार्क में दाखिल हुआ था। गेट नंबर-2 पर टिकट जांच के दौरान युवक और गार्ड के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गार्ड ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर युवक पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में गार्ड युवक को जमीन पर गिराकर घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान युवक की पत्नी और बच्चा मौके पर मौजूद थे और रोते-बिलखते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, काफी देर तक कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। बाद में युवक को ई-रिक्शा में बैठाकर वहां से भेज दिया गया।
घटना के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी गार्ड को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था और दोनों पार्क में झगड़ते हुए पहुंचे थे। महिला वहां से चली गई थी, जबकि युवक कथित तौर पर नशे की हालत में सड़क पर लेट गया था। गार्ड उसे हटाने की कोशिश कर रहा था, तभी यह विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
