लखनऊ, 29 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किसानों और ग्रामीण भारत के प्रति उनके योगदान को याद किया। शुक्रवार को विधान भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर मुख्यमंत्री ने उन्हें भारत माता का महान सपूत और किसानों का सच्चा मसीहा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का मानना था कि देश के विकास का वास्तविक मार्ग गांव, खेत और खलिहानों से होकर गुजरता है। उन्होंने किसानों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने और उनकी समस्याओं के समाधान को सरकार की प्राथमिकता बनाने पर हमेशा जोर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि कृषि और राजस्व व्यवस्था में किए गए अनेक महत्वपूर्ण सुधारों का श्रेय चौधरी चरण सिंह को जाता है। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे चौधरी साहब ने किसानों के अधिकारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जीवनभर कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें भारत रत्न से अलंकृत किया गया। उनकी स्मृतियों को सहेजने और किसानों के कल्याण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार कई योजनाएं और कार्यक्रम संचालित कर रही है। लखनऊ में विकसित किया जा रहा चौधरी चरण सिंह सीड पार्क भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन और विचार आज भी किसानों और ग्रामीण विकास के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे
