Homeउत्तर प्रदेशमऊ में गरजे मुख्यमंत्री योगी, बोले- अब माफिया किसी हिंदू को धमका...

मऊ में गरजे मुख्यमंत्री योगी, बोले- अब माफिया किसी हिंदू को धमका नहीं सकता

मऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब ऐसा माहौल नहीं है कि कोई माफिया या गुंडा धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा कर सके। उन्होंने कहा कि रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों की रावण और कंस जैसी दुर्गति तय है। उन्होंने कहा कि अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराकर किसी हिंदू को धमकाने का साहस नहीं कर सकता।

सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकार विकास का माध्यम होती है और बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों तक सुविधाएं पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और अस्पताल जाति देखकर सेवा नहीं देते, बल्कि सभी के लिए समान रूप से कार्य करते हैं। गलत लोगों के चुने जाने पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती है और विकास प्रभावित होता है।

 

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005 के मऊ दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में अराजकता का माहौल था और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है और अपराधियों तथा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव मांगा और कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होते ही आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का विवरण देते हुए कहा कि जिले में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से गर्मी, लू और आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने की भी अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular