थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित और कथित तौर पर आखिरी फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज डेट को लेकर जारी सस्पेंस के बीच निर्देशक एच. विनोद ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उनका जवाब फिल्म की रिलीज को लेकर स्पष्टता देने के बजाय नई चर्चाओं को जन्म दे गया।
हाल ही में फिल्ममेकर पांडिराज की आगामी फिल्म ‘परिमाला एंड कंपनी’ के प्रमोशनल इवेंट में विनोद से पूछा गया कि दर्शक आखिर ‘जना नायकन’ को सिनेमाघरों में कब देख पाएंगे। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यह मेरे हाथ में नहीं है। सच बताने की हिम्मत मुझमें भी नहीं है और अगर होती भी, तो आपमें उसे सुनने की हिम्मत नहीं होती।”
विनोद के इस जवाब पर मंच पर मौजूद फिल्ममेकर पा रंजीत, अभिनेता संतोष और अन्य मेहमान हंस पड़े, लेकिन उनके बयान ने फिल्म की रिलीज में हो रही देरी को लेकर अटकलों को और हवा दे दी।
-1780214176497.jpg)
पांच महीने से रिलीज का इंतजार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय, मामिता बैजू, बॉबी देओल और पूजा हेगड़े स्टारर ‘जना नायकन’ पिछले करीब पांच महीनों से CBFC प्रमाणन का इंतजार कर रही है। पहले फिल्म की रिलीज 19 जून बताई जा रही थी, जबकि अब चर्चा है कि इसे विजय के 52वें जन्मदिन (22 जून) के आसपास रिलीज किया जा सकता है।
हालांकि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में एच. विनोद का रहस्यमयी बयान फैंस की उत्सुकता और बढ़ा गया है।
-1780214338670.jpg)
