उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में रास्ते से हटने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज से पहले ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
दूध लेकर लौट रहे थे दोनों युवक
घटना सम्मनपुर थाना क्षेत्र के लखनिया गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शरीफपुर निवासी 22 वर्षीय साहिल अपने साथी जमशेद के साथ शनिवार देर रात लखनिया बाजार से दूध लेकर घर लौट रहा था। पंचायत भवन के पास कुछ युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान साहिल के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि जमशेद भी घायल हो गया।
अस्पताल में साहिल को मृत घोषित किया गया
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि जमशेद का उपचार जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
तीन लोग हिरासत में
क्षेत्राधिकारी (सिटी) Nitish Kumar Tiwari ने बताया कि रास्ते से हटने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
