रिपोर्ट: अजयपाल
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक मेंथा प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव स्थित एक मेंथा प्लांट में हुआ, जहां टैंक के भीतर बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों भाई बेहोश हो गए।
जानकारी के अनुसार प्लांट के एक टैंक में तकनीकी कार्य के दौरान सबसे पहले एक युवक टैंक के अंदर उतरा। वहां मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वह कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ा। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसे बचाने के लिए उसका दूसरा भाई टैंक में गया, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

दोनों भाइयों को अंदर फंसा देख तीसरे भाई मनवीर ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। वह भी टैंक में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और वह भी बेहोश हो गया। कुछ ही मिनटों में तीनों भाई टैंक के भीतर बेसुध पड़े थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद जयवीर यादव और राजेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मनवीर को बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक जयवीर यादव अपने पीछे पत्नी रुचि देवी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। वहीं राजेश यादव की पत्नी ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में टैंक के भीतर बनी जहरीली गैस हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।बदायूं में मेंथा प्लांट के टैंक में उतरे तीन भाई, जहरीली गैस की चपेट में आने से दो की मौत
