लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत और बॉलीवुड के खास रिश्ते को अब रेलवे स्टेशनों पर भी देखा जा सकेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने एक अनूठी पहल करते हुए शहर की प्रसिद्ध लोकेशनों पर फिल्माई गई बॉलीवुड फिल्मों का तीन घंटे का विशेष संकलन तैयार किया है। इसका प्रदर्शन बादशाहनगर, ऐशबाग, लखनऊ सिटी और डालीगंज रेलवे स्टेशनों पर शुरू कर दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को मनोरंजन के साथ-साथ लखनऊ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि कई चर्चित बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग लखनऊ की प्रसिद्ध इमारतों और लोकेशनों पर हुई है, जिन्हें अब रेलवे स्टेशनों की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
विशेष संकलन में Shatranj Ke Khilari, Umrao Jaan, Gadar: Ek Prem Katha, Tanu Weds Manu, Bunty Aur Babli, Jolly LLB 2 और Raid 2 जैसी लोकप्रिय फिल्मों के दृश्य शामिल किए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को सफर के दौरान मनोरंजन मिलेगा, साथ ही वे उन खास स्थानों को भी पहचान सकेंगे, जिन्होंने बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाई है। यह प्रयास लखनऊ की संस्कृति, इतिहास और फिल्मी विरासत को नए अंदाज में लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है
