Homeउत्तर प्रदेशआगरा में प्रदूषण से बिगड़ी हवा, सांस के मरीजों से फुल हुआ...

आगरा में प्रदूषण से बिगड़ी हवा, सांस के मरीजों से फुल हुआ एसएन मेडिकल कॉलेज का वार्ड

रिपोर्ट- अमित शर्मा

आगरा: दिवाली के बाद आगरा की हवा बेहद खराब हो गई है। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 427 दर्ज किया गया है।

प्रदूषण बढ़ने का सीधा असर लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के चेस्ट एंड रेस्पिरेटरी डिपार्टमेंट में सांस, अस्थमा और छाती से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

हालात यह हैं कि पिछले तीन दिनों से विभाग के सभी बेड फुल चल रहे हैं। त्योहार के दिनों में भी अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

मरीजों को सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न और आंखों में एलर्जी जैसी शिकायतें हो रही हैं। डॉक्टरों के मुताबिक हवा में पीएम 2.5 समेत अन्य हानिकारक प्रदूषक तत्वों की बढ़ती मात्रा से सांस संबंधी मरीजों की परेशानी और बढ़ रही है

एसएन मेडिकल कॉलेज के चेस्ट एंड रेस्पिरेटरी डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में धूल-मिट्टी ज्यादा उड़ रही है, वहां जाने से बचें। बाहर निकलने पर मास्क का इस्तेमाल करें और डॉक्टर द्वारा बताई गई नियमित दवाएं बंद न करें। सांस लेने में परेशानी बढ़ने या किसी अन्य तरह की गंभीर तकलीफ होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

वहीं, विभाग की सीनियर डॉक्टर डॉ. निधि मिश्रा ने भी प्रदूषण के कारण मरीजों की बढ़ती परेशानी को लेकर चिंता जताई है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रदूषण के इस स्तर पर खासकर अस्थमा, सांस और छाती से जुड़ी बीमारी वाले मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular