रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने ICSE (कक्षा 10) और ISC (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार ICSE की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक चलेंगी, जबकि ISC की परीक्षाएं 9 फरवरी से 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
दोनों कक्षाओं को मिलाकर करीब 3.79 लाख छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें ICSE के करीब 2.70 लाख और ISC के करीब 1.10 लाख विद्यार्थी शामिल हैं।
15 फरवरी से ICSE की परीक्षा
कक्षा 10 की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी। पहला पेपर इंग्लिश लैंग्वेज का होगा। इसके बाद इंग्लिश लिटरेचर, गणित, इतिहास एवं नागरिक शास्त्र, भूगोल, हिंदी, विज्ञान और अन्य विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर होंगी। ICSE की अंतिम परीक्षा 31 मार्च को होगी।
ISC की परीक्षा 8 अप्रैल तक
कक्षा 12 की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। ISC में इंग्लिश लैंग्वेज के बाद अलग-अलग स्ट्रीम और विषयों के पेपर आयोजित होंगे। इनमें गणित, अर्थशास्त्र, अकाउंटेंसी, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, इतिहास, भूगोल, पॉलिटिकल साइंस समेत कई विषय शामिल हैं।
दो शिफ्ट में होगी ISC परीक्षा
ISC कक्षा 12 की परीक्षाएं दो शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
वहीं ICSE कक्षा 10 की परीक्षा एक शिफ्ट में होगी। तीन घंटे की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक और दो घंटे की परीक्षा सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
