Homeउत्तर प्रदेशदीपोत्सव से अयोध्या के होमस्टे कारोबार को रफ्तार, संचालकों की बढ़ी कमाई

दीपोत्सव से अयोध्या के होमस्टे कारोबार को रफ्तार, संचालकों की बढ़ी कमाई

लखनऊ/अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की भव्यता ने अयोध्या के पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दी है। 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी और 2100 ड्रोन के शो को देखने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसका सीधा फायदा होटल कारोबार के साथ स्थानीय परिवारों द्वारा संचालित होमस्टे को भी मिला। दीपोत्सव के दौरान अधिकांश होमस्टे पूरी तरह बुक रहे, जिससे संचालकों की कमाई बढ़ी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हुए।

एक से सात नवंबर के बीच अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या आठ लाख से अधिक थी। वहीं, रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पांच लाख से बढ़कर करीब 10 लाख पहुंच गई। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते होमस्टे में कमरों की मांग काफी बढ़ गई। कई पर्यटकों ने अपना ठहराव भी एक-दो दिन के लिए बढ़ा दिया।

होमस्टे कारोबार में 130 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कारोबार में 120 से 130 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई। सभी कमरे बुक रहे। महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया। घर का बना खाना, पारिवारिक माहौल और हनुमानगढ़ी के लड्डू मेहमानों को खूब पसंद आए। यहां प्रतिदिन 1000 से 1200 रुपये में कमरे उपलब्ध कराए गए।

कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान रोजाना सभी कमरे भरे रहे। परिवार के साथ आए पर्यटकों ने घर के बने ताजे भोजन को पसंद किया। वहीं, श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा ने बताया कि शत-प्रतिशत बुकिंग के बावजूद पर्यटकों की मांग बनी रही। गुजरात समेत कई राज्यों से आए मेहमानों ने घरेलू माहौल और आतिथ्य की सराहना की।

महिलाओं और युवाओं को मिला रोजगार

होमस्टे कारोबार से महिलाओं और युवाओं को भी आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। पर्यटकों का स्वागत अयोध्या के प्रसिद्ध खुर्चन पेड़े से किया गया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने दूसरे शहर में नौकरी का प्रस्ताव मिलने के बावजूद अयोध्या में रहकर पारिवारिक कारोबार से जुड़ने का फैसला किया। इस कारोबार से दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।

द रामा जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि उनके पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान सभी कमरे बुक रहे। केरल और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया।

स्थानीय परिवारों की आय बढ़ा रहा पर्यटन

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है।

वहीं, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि होमस्टे अयोध्या की पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का मौका मिल रहा है। साथ ही स्थानीय परिवार अपनी आय बढ़ाने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे पा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular