HomeUncategorizedमोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं...

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं का महाकुंभ,

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जून की शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे।

प्रदेश सरकार के अनुसार वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है। जनहित से जुड़ी योजनाओं और विकास परियोजनाओं ने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

शुक्रवार शाम गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। साथ ही उनके काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन और नेडा सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के तहत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड की सेवाएं, आयुष्मान भारत योजना संबंधी सहायता और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी।

13 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Banaras Hindu University में आयोजित विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दो दिवसीय इस अधिवेशन में भारत और विदेशों से लगभग 1200 वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular