गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का रविवार को अलग अंदाज देखने को मिला। वीर बहादुर सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हॉकी स्टिक थामी और गोल पोस्ट पर निशाना साधते हुए लगातार दो गोल दाग दिए। मुख्यमंत्री के इस अंदाज को देखकर स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। वहीं कार्यक्रम में मौजूद सांसद Ravi Kishan मैदान में दौड़कर बॉल उठाते और वापस लाते नजर आए।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में नव निर्मित सिंथेटिक हॉकी ट्रैक और पवेलियन दीर्घा का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान 38 परियोजनाओं का लोकार्पण और 188 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में बीते वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बेरोजगारी, खराब कानून-व्यवस्था और बिजली संकट जैसी समस्याएं आम थीं, लेकिन अब शहर विकास की नई पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने भी मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 900 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आए हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गतिमिलेगी।
