लखनऊ: बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में प्यार, राजनीति, सत्ता, बदले और भावनात्मक टकराव की ऐसी कहानी दिखाई गई है, जहां रिश्तों की कीमत महत्वाकांक्षाओं के बीच चुकानी पड़ती है। यह सीरीज 19 जून से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

सीरीज के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे कलाकार धवल ठाकुर और संचिता बसु ने बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दोनों कलाकारों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सीरीज की सफलता और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
संचिता बसु ने कहा कि लखनऊ में अपनी यात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थल से करना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण और खाटू श्याम बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है। बाबा के दरबार में उन्होंने अपने परिवार, सहयोगियों और शुभचिंतकों के लिए मंगलकामनाएं कीं। उनके अनुसार, मंदिर में आने से हमेशा सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव होता है।

वहीं धवल ठाकुर ने कहा कि वह किसी भी नए कार्य की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद के साथ करना पसंद करते हैं। उन्होंने बताया कि पूरी टीम की इच्छा थी कि सीजन-2 के प्रमोशन की शुरुआत आध्यात्मिक माहौल से की जाए, ताकि अभियान शुभ भावनाओं के साथ आगे बढ़ सके।
सत्ता, बदले और रिश्तों की नई कहानी
सीजन-2 में धवल ठाकुर एक बार फिर कुलदीप कुमार के किरदार में नजर आएंगे। यह किरदार अपने अतीत की गलतियों, अपराधबोध और अधूरी भावनाओं के बीच संघर्ष करता दिखाई देगा। वहीं संचिता बसु शानविका चौहान के रूप में पहले से अधिक मजबूत, प्रभावशाली और आत्मविश्वासी नजर आएंगी, जो सत्ता के गलियारों में अपने फैसलों के साथ आगे बढ़ती है।
ट्रेलर में राजनीतिक संघर्ष, विश्वासघात, बदले की भावना और जटिल रिश्तों की झलक दिखाई गई है। कहानी का केंद्र सीतापुर है, जहां महत्वाकांक्षा और सत्ता की लड़ाई के बीच कुलदीप और शानविका आमने-सामने खड़े नजर आते हैं।
शानविका का नया रूप दिखेगा
संचिता बसु ने बताया कि दूसरे सीजन में शानविका का किरदार पहले से कहीं अधिक परिपक्व और मजबूत दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह कहानी एक साधारण लड़की के संघर्ष, बदलाव और सशक्त बनने की यात्रा को दर्शाती है। दर्शकों को उसके जीवन के कई नए पहलुओं और चुनौतियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
कुलदीप के किरदार में दिखेंगे कई नए आयाम
धवल ठाकुर ने कहा कि इस बार कुलदीप अपने अतीत और वर्तमान के बीच गहरे भावनात्मक द्वंद्व से गुजरता नजर आएगा। वह अपने फैसलों का मूल्यांकन करेगा और यह समझने की कोशिश करेगा कि उसके लिए सही रास्ता क्या है। दर्शकों को इस सीजन में उसके व्यक्तित्व के कई नए रंग देखने को मिलेंगे।
लखनऊ में शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए धवल ने कहा कि शहर की संस्कृति, खानपान और लोकेशंस ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने विशेष रूप से मलिहाबाद की पुरानी हवेलियों और प्राकृतिक वातावरण का जिक्र किया, जहां सीरीज के कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए हैं।
कपिल कनपुरिया बोले- इस बार किरदार चौंकाएगा
सीरीज में अहम भूमिका निभा रहे अभिनेता और कंटेंट क्रिएटर कपिल कनपुरिया ने कहा कि दूसरे सीजन में उनका किरदार दर्शकों को कई तरह के भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजारेगा। उन्होंने बताया कि पहले सीजन में उनके किरदार को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं, लेकिन इस बार कहानी में उनका रोल और भी दिलचस्प और प्रभावशाली होगा।
उन्होंने कहा कि दर्शकों को कभी उनके किरदार पर गुस्सा आएगा तो कभी उसके प्रति सहानुभूति भी महसूस होगी। यही इस किरदार की सबसे बड़ी खासियत है।
