झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में यह मामला सामान्य आपराधिक घटना न होकर एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले के तार कथित तौर पर एक आतंकी संगठन से जुड़े लोगों तक पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय को निशाना बनाने की योजना करीब दो महीने पहले तैयार की गई थी। आरोपियों ने हमले की पूरी रणनीति पहले से बनाई थी और घटना को अंजाम देने के बाद उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि हमले के बाद वीडियो एक अन्य व्यक्ति को भेजा गया था।
पुलिस के अनुसार, देर रात एक कार में सवार दो आरोपी RSS कार्यालय के पास पहुंचे और कार्यालय परिसर की ओर पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं और हमले के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी हुई हैं।
