फ्रांस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पेरिस में भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रवासी भारतीयों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना उनके लिए गर्व की बात है।
भारतीय समुदाय की सदस्य वैभवी पारिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करके उन्हें बेहद गर्व महसूस हुआ। उन्होंने बताया कि पेरिस में बन रहा हिंदू मंदिर भी भारतीय समुदाय के लिए गौरव का विषय है। यह मंदिर सितंबर 2026 में श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। उन्होंने इसकी विशेषता बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह “मेड इन इंडिया” है।
प्रवासी भारतीय प्रतीक ने बताया कि यह फ्रांस का पहला हिंदू मंदिर होगा, जिसका निर्माण गुरुजी मोहनस्वामी महाराज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मंदिर के निर्माण में भारत से मंगाए गए पत्थरों का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि सितंबर में मंदिर उद्घाटन के अवसर पर 15 दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी भारतीयों का स्वागत है।
गौरतलब है कि जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने और विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार सुबह पेरिस पहुंचे। यहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी भारतीय समुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत और फ्रांस के संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत-फ्रांस की साझेदारी वैश्विक प्रगति और विकास के लिए बेहद अहम है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पेरिस पहुंचने पर भारतीय समुदाय द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से वे अभिभूत हैं। उन्होंने भारत और फ्रांस के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में समुदाय के योगदान की सराहना की।
